22 जून 2019 - 18:27
ईरान की ओर चलने वाली एक गोली अमरीका और उसके सहयोगियों को जलाकर राख कर देगी, तीसरा विश्व युद्ध फ़ार्स खाड़ी से शुरू हुआ तो...

एक ईरानी जनरल ने चेतावनी दी है कि अमरीका या उसके सहयोगियों ने ईरान की ओर अगर एक गोली भी चलाने की ग़लती की तो उन्हें इसकी भारी क़ीमत चुकाना पड़ेगी और तेहरान भरपूर ताक़त से जवाबी कार्यवाही करेगा।

शनिवार को ब्रिगेडियर जनरल अबुलफ़ज़्ल शिकारची ने तसनीम न्यूज़ एजेंसी से बात करते हुए कहा, ईरान की ओर चलने वाली एक गोली से अमरीका और उसके सहयोगियों के हितों को जलाकर राख कर दिया जाएगा।

ईरानी जनरल ने यह चेतावनी गुरुवार को तेहरान द्वारा मार गिराए गए अमरीकी ड्रोन विमान के बाद जारी की है।

इस बीच, ब्रिटेन के पूर्व सांसद और अंतरराष्ट्रीय मामलों के विशेषज्ञ जॉर्ज गैलोवे ने भी अमरीका और उसके सहयोगियों को चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर उन्होंने ईरान के ख़िलाफ़ कोई पागलपन किया तो फ़ार्स खाड़ी से तीसरे विश्व युद्ध का शोला भड़क उठेगा और आक्रमणकारी देशों को हमेशा इसका पछतावा रहेगा। इसलिए कि ईरान, इराक़ की तरह नहीं है, जिस पर अमरीका और उसके सहयोगियों ने 2003 में हमला कर दिया था।

ईरान की इस्लामी क्रांति फ़ोर्स आईआरजीसी ने गुरुवार को काफ़ी ऊंचाई पर उड़ रहे अमरीकी नौसेना के आधुनिक ड्रोन को मार गिराया था।

इस घटना के बाद अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने ईरान के ख़िलाफ़ सीमित हमलों का आदेश जारी किया था, लेकिन हमला शुरू होने से ठीक 10 मिनट पहले अपना आदेश वापस ले लिया।

गैलोवे का मानना है कि अमरीका की आक्रमक नीतियों ने पूरे ईरानी राष्ट्र को एकजुट कर दिया है और अधिकांश ईरानी क्षेत्र में अमरीका और उसके सहयोगियों के ख़िलाफ़ लड़ाई में अत्यधिक ख़ुशी के साथ भाग लेंगे।

रश्या टुडे से बात करते हुए ब्रिटिश राजनीतिज्ञ का कहना था कि सऊदी अरब, क़तर, संयुक्त अरब इमारात या कोई भी देश जहां से अमरीका, ईरान पर हमला करेगा, वह तुरंत आग की लपटों में घिर जाएगा।